एनएच-34 के बाईपास पर सड़क हादसे के बाद पहुंचे आसपास के लोग व क्षतिग्रस्त कार। स्रोत वीडियोग्रेव
एटा। बाईपास पर ट्रक की चपेट में आने से कार सवार 5 लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत को नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया है। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में आगरा रोड पर ऑटो की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती सहित 3 लोग घायल हो गए।
हाथरस निवासी कार चालक दीपक ने बताया कि बुधवार को सुबह फर्रुखाबाद जा रहे थे। रास्ते में कोतवाली देहात क्षेत्र में एनएच-34 बाईपास पर कार ट्रक की चपेट में आ गई। उनके साथ ही कार में सवार अन्य 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और हाईवे की एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाया गया। यहां से कार चालक दीपक की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
दूसरी सड़क दुर्घटना में थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव नगला इमलिया निवासी सुखराम पाल रतिभानपुर के पास सड़क पार कर रहे थे। उसी समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां से चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर किया गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र में आगरा रोड पर गांव कमसान के पास ऑटो की चपेट में आने से बाइक सवार गांव हिम्मतपुर नासिरपुर निवासी पुष्पेंद्र व उनकी पत्नी पिंकी घायल हो गईं। यह लोग बाजार कर घर लौट रहे थे। इनका उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।