एटा। एक ही मोहल्ले के रहने वाले छात्र व छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी फंदा लगाए जाने की पुष्टि हुई है। घटना के बाद किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिर भी पुलिस अपने स्तर से घटना की छानबीन कर रही है।
मिरहची थाना क्षेत्र के एक गांव में एक ही मोहल्ले के छात्र व छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन से बात करते हुए दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें भी फंदा लगने से मौत होना ही सामने आया है। मिरहची थाना प्रभारी नीतू वर्मा ने बताया कि परिजन की ओर से कोई तहरीर अभी तक नहीं दी गई है। इतना ही नहीं पोस्टमार्टम कराए जाने से दोनों ही मृतकों के परिजन नाराज हैं।
सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाहा ने बताया कि तहरीर मिलती है तो प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की गहनता के साथ छानबीन कर रही है।
प्रेम प्रसंग की जानकारी उजागर होने की चर्चा
छात्र-छात्रा की मौत के बाद गांव में तमाम चर्चाएं हैं। एक चर्चा यह भी है कि दोनों के प्रेम प्रसंग का मामला उजागर होने के बाद ऐसा हुआ। लोगों का कहना है कि दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। कुछ समय से इनके बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जिसकी जानकारी पिछले सप्ताह दोनों के परिजन को हो गई थी। इसी वजह से परिजन ने उनकी डांट लगा दी। यही कारण रहा कि पहले छात्र ने और उसके बाद छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी।