एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव गिरौरा में शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भिजवाया जहां उनका उपचार चल रहा है।
जिला कासगंज के नदरई निवासी इरफान (21) अपनी बहन भाई के साथ शादी समारोह में शामिल होने मैनपुरी जा रहा था। इरफान ने बताया कि गांव से बारात मैनपुरी के लिए निकली थी और वह अपनी 4 वर्षीय बहन जाफरी, 6 वर्षीय आफरीन और 5 वर्षीय भाई गुलफान के साथ बाइक से जा रहा था। उसी दौरान गिरौरा गांव के पास सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में इरफान व उसके साथ तीनों मासूम बच्चे घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार कोतवाली देहात क्षेत्र के हिम्मतनगर पवांस निवासी प्रशांत उपाध्याय भी गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा। चिकित्सक ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है।