एटा। बरात चढ़ाकर लौट रहे 5 बैंड कर्मचारी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत को गंभीर देखते हुए रेफर किया गया है। अन्य सड़क हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। इनका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
शहर की मोहल्ला हिंदू नगर निवासी बबलू ने बताया कि मंगलवार की देर रात लगभग 12 बजे बरात चढ़कर लौट रहे थे। पिलुआ थाना क्षेत्र में हाईवे पर चौथे मील के पास पीछे से आई कार की चपेट में आने से बैंड के कर्मचारी सनी, शाहिद, मेहरबान, परवेज और चांद गंभीर रूप से घायल हो गए।
उधर से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना देते हुए एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने मेहरबान की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा के लिए रेफर किया। परिजन कासगंज रोड स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। वहीं अन्य सड़क दुर्घटना में सुशील और निर्मल निवासी दौलपुरा थाना मलावन घायल हुए हैं। इनका मेडिकल कॉलेज में ही उपचार चल रहा है।