गुरुवार की सायं ओवरब्रिज के नीचे एक प्राइवेट क्लीनिक पर अज्ञात लोगों ने कंपाउंडर के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर हाथ तोड़ दिया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर पहुंचे अन्य लोगों को देख आरोपियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी, वहीं फायरिंग में एक कंपाउंडर बाल-बाल बच गया। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गए। जानकारी लगते ही एसओ देहात फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
कोतवाली देहात स्थित रेलवे ओवरब्रिज से कुछ दूरी पर डा. पवन मिश्रा का क्लीनिक है। जिस पर कंपाउंडर संजू है। गुरुवार सुबह मनोज निवासी रामनगर निधौलीकलां तीन अन्य साथियों के साथ खुद को दिखाने आया था। इस दौरान मनोज के साथ शराब के नशे में आए एक युवक से कंपाउंडर संजू की पैथोलॉजी रिपोर्ट को लेकर नोकझोंक हो गई। विरोध करने पर शराबी ने कंपाउंडर के साथ हाथापाई कर दी। एकत्रित लोगों ने मामला शांत करा दिया। सायं चार बजे के लगभग अज्ञात लोग बोलेरो से आए, क्लीनिक पर बैठे संजू के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर हाथ तोड़ दिया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर लोगों को एकत्रित होते देख आरोपियों ने फायरिंग कर दी। आरोपियों ने तीन फायर किए, जिसमें एक अन्य कंपाउंडर बच गया। आरोपी तमंचा लहराते हुए भाग गए। घायल संजू ने बताया कि चारों के नाम नहीं जानता, मगर उनमें दो आरोपी गूदरगंज, एक मुहब्बतपुर, एक रामनगर का है। घटना के बाद क्लीनिक पर मौजूद मरीजों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी लगते ही एसओ देहात मयफोर्स के पहुंच गए थे। मामले की रिपोर्ट डॉ. पवन मिश्रा ने अज्ञात चार आरोपियों के विरुद्ध दर्ज करा दी है।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपियों के चेहरे
एटा। क्लीनिक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों के चेहरे कैद हो गए। जिसकी फुटेज चिकित्सक ने पुलिस को दी है। पुलिस भी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश में जुट गई है।