जलेसर। आगरा चौराहे स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान में शुक्रवार देर शाम आग लग गई। सामान जलने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
माधव नगर निवासी अमन कुमार की आगरा चौराहे के नजदीक ट्रैक्टर पार्ट्स की दुकान है। बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे सूचना मिली कि उसकी दुकान से धुआं निकल रहा है। जब पहुंचकर दुकान का शटर खोला तो अंदर आग जल रही थी। सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को दी। अन्य लोगों की मदद से हम लोग आग बुझाने में जुट गए।
एसडीएम विपिन कुमार मोरल, सीओ नीतीश गर्ग, प्रभारी निरीक्षक सुधीर राघव दमकल वाहन सहित पहुंच गए। मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अमन ने बताया कि लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान अग्निकांड में हुआ है। आरोप लगाया कि उसकी दुकान से पश्चिम वाली बैल्डिंग की दुकान की दीवार में छेद से किसी व्यक्ति ने आग लगाई है।