एटा। जलेसर में कुछ लोगों ने पालिका के कूड़ाघर पर कब्जा करने की कोशिश की। पालिका की ओर से कराए जा रहे कार्य को रुकवा दिया और मौजूद पालिका कर्मचारियों को पीटकर भगा दिया। 30 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना जलेसर में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका प्रद्युम्न कुमार ने इरफान खान निवासी मोहल्ला बाबरी किला सहित 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि नगर पालिका कार्यालय के पीछे पालिका की जमीन में कूड़ाघर है। साफ करा कर यहां सौंदर्यीकरण व पौधरोपण का कार्य कराया जा रहा है। 13 दिसंबर को काम चल रहा था, उसी समय मोहल्ला बाबरी किला निवासी इरफान खान अपने साथ 30 अज्ञात लोगों को लेकर आया और गालियां देने लगा।
जब कर्मचारियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन लोगों को पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पालिका के कर्मचारियों को भगाते हुए कार्य रुकवा दिया। सरकारी काम में बाधा डालते हुए बबाल करने का प्रयास किया। सीओ जलेसर नितीश गर्ग ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की गहनता के साथ जांच की जा रही है।