एटा। अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव कुसवा निवासी एक युवक ने दो लोगों के खिलाफ दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। कुसवा निवासी लव पाराशर के अनुसार उसने 13 जून को गांव के ही राजू यादव के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले को लेकर अगले दिन उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई।
आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने पहले स्वयं को पुलिस विभाग का अधिकारी बताया। बातचीत के दौरान उसने अपना नाम अरुण कुमार बताते हुए खुद को एसपी बताया और मामले में समझौता करने का दबाव बनाया। जब पीड़ित ने उससे पद और कार्यालय के बारे में जानकारी मांगी तो वह लगातार दबाव बनाता रहा। कॉलर ने कहा कि वह एसपी अरुण कुमार बोल रहा है और मामले को आगे न बढ़ाने की सलाह दी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने फर्जी पहचान का सहारा लेकर उसे डराने-धमकाने और मुकदमे में दबाव बनाने की कोशिश की। उसका कहना है कि आरोपी संवैधानिक पद का नाम लेकर लोगों को भ्रमित करता है तथा अपने प्रभाव का गलत इस्तेमाल कर धमकाने का काम करता है। मामले में कॉलर के साथ राजू यादव का नाम भी सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।