एटा। महिला की फिरोजाबाद में मौत के मामले में मायके पक्ष की ओर से ससुरालीजन पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या कर दी गई। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगने से मौत होने की पुष्टि की गई।
फिरोजाबाद थाना एका के गांव नगला बली निवासी साधना पुत्री राजेश की शादी बीते साल 25 अप्रैल को अतीत कुमार निवासी छीतली थाना अवागढ़ के साथ हुई थी। मौसेरे भाई गौरव यादव के अनुसार ससुरालीजन दहेज में रुपये की मांग करते थे। रुपये न देने पर बहन को परेशान करते थे। बुधवार सुबह कॉल आई और बताया कि साधना ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है।
मायके वाले एक क्लीनिक पर पहुंचे। क्लीनिक में बहन मृत अवस्था में पड़ी मिली। आरोप लगाया है कि ससुरालीजनों ने पिटाई कर हत्या की है। शरीर पर चोट के निशान मिले। बृहस्पतिवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदा लगने से मृत्यु की पुष्टि हुई। दूसरी तरफ मामले में मृतका के पिता राजेश ने आरोपी दामाद, सास-ससुर सहित पांच ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ अवागढ़ अखिलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।