अलीगंज। झूठी शिकायत कर फर्जी तरीके से खतौनी में नाम दर्ज कराने का एक मामला उजागर हुआ है। तहसील के राजस्व निरीक्षक जय नरेश सिंह ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।
क्षेत्र के गांव नगला मोच निवासी देशराज पुत्र बहादुर ने तहसीलदार के नाम एक प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें सन 1420 से 1425 फसली के खाता संख्या 201 की नवीन खतौनी में प्रार्थी और उसके परिजन छोटेलाल, मदनलाल, चरन सिंह के नाम के स्थान पर जयदेवी पत्नी सोनेलाल का नाम दर्ज कर दिया गया है। जबकि इससे पहले खतौनी में शिकायतकर्ता और उसके परिजनों के नाम दर्ज थे। अत: किसी कारणवश छूटे नाम दर्ज किए जाएं।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अभिलेखागार में मूल खतौनी का निरीक्षण करने पर शिकायत को फर्जी पाया। तहसील प्रशासन को गुमराह कर फर्जी तरीके से खतौनी में नाम दर्ज कराने के आरोप में देशराज पर राजस्व निरीक्षक जय नरेश ने एफआईआर दर्ज कराई है।