एटा। कोरोना वायरस को लेकर किए गए लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने पांच मुकदमे दर्ज किए हैं। जबकि 21 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
थाना कोतवाली नगर पुलिस ने हीरा नगर निवासी चंद्रशेखर पुत्र बाबूराम को लॉकडाउन का उल्लंघन कर 48 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बिक्री करते और घंटाघर के पास से आनंद विजय पुत्र सुरेश निवासी मैनगंज को अनावश्यक घूमते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
वहीं बागवाला पुलिस ने गांव बबरौती में बड़ी कार्रवाई करते हुए शंकर पुत्र हाकिम सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया और सभी के खिलाफ महामारी अधिनियम और धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
थाना मिरहची पुलिस ने कस्बा मिरहची में चोबच्चा निवासी भगवान सिंह पुत्र प्रेमराज सहित दो लोगों को अनावश्यक रूप से घूमने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जबकि थाना निधौली कलां पुलिस ने कस्बा में ही घूमने पर सुरजीत पुत्र ध्यानपाल सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा है।