अवागढ़। क्षेत्र के गांव कुसवा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में लाइसेंसी रायफल से फायर कर पेड़ पर टंगी मटकी फोड़ने के मामले में पुलिस ने चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दो लाइसेंसी रायफल भी जब्त कर लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।
श्रीमद्भगवत कथा के आयोजन में कंस वध पर पंडाल के पास पेड़ों पर मटकी टांगकर उनको फोड़ने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। अति उत्साहित युवाओं ने लाइसेंसी रायफल से फायरिंग कर मटकी फोड़ी। किसी ने फायरिंग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने बुधवार को गांव पहुंचकर मामले की पड़ताल की।
उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो लाइसेंसी रायफल जब्त करते हुए लाइसेंस धारक भूरी सिंह और रघुराज सिंह को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गांव के प्रधान अमन यादव ने कहा श्रीमद्भागवत कथा में कंस वध की परंपरा काफी पुरानी है। कई दशक से कंस वध के समय लाठी-डंडों और हथियारों के माध्यम से कंस वध की लीला आयोजित होती रही है। धार्मिक कार्यक्रम में राजनीतिक दबाव में पुलिस ने कार्रवाई की है, जो गलत है। कुसवा गांव में हुआ यह प्रकरण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अवागढ़ क्षेत्र के गांव कुसवा में श्रीमद्भागवत कथा में कंस वध के मंचन के समय लाइसेंसी रायफल से हर्ष फायरिंग करने के मामले में दो रायफल जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थान पर फायरिंग करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों लाइसेंस निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है।
ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, सीओ जलेसर