एटा। तहसील अलीगंज क्षेत्र के ग्राम हतसारी में अवैध मिट्टी खनन के मामले में प्रशासन ने चार भू-स्वामियों पर कुल दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के अनुमोदन के बाद 19 नवंबर को यह कार्रवाई की गई।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व प्रभारी अधिकारी खनिज सीपी पाठक ने बताया कि ग्राम हतसारी स्थित गाटा संख्या 1290 में बिना अनुमति मिट्टी का खनन किए जाने की शिकायत मिली थी। उप जिलाधिकारी अलीगंज की जांच में करीब 100 मीटर लंबाई, सात मीटर चौड़ाई और एक मीटर गहराई में कुल 700 घनमीटर मिट्टी का खनन पाया गया।
इस मामले में संबंधित भू-स्वामियों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया था। उन्होंने खेत समतल कराने की बात कहते हुए आरोपों से इंकार किया, लेकिन खनन की अनुमति से संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में अवैध खनन की पुष्टि होने पर इरमानश्री, राजेश, चंद्रपाल और श्रीकृष्ण पर कुल दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। एडीएम ने बताया कि सभी को 30 दिन के भीतर धनराशि जमा कर चालान की मूल प्रति कार्यालय में देने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर भू-राजस्व की भांति वसूली की जाएगी।