एटा। अवागढ़ क्षेत्र के गांव मीसाकलां में सेटेलाइट से पराली जलाने की घटना पकड़ी गई। संबंधित किसान पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) के पाए गए कंबाइन हार्वेस्टर बंद करा दिए गए।
जिला कृषि अधिकारी मनवीर सिंह ने बताया कि अवागढ़ ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत मीसाकलां में सेटेलाइट द्वारा एक घटना की सूचना प्राप्त हुई। कृषि विभाग क्षेत्रीय कर्मचारी एवं लेखपाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। पाया कि दौजीराम ने धान की पराली में आग लगाई थी। पुष्टि होने पर किसान पर 10000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यह भी बताया कि उन्होंने व एसडीएम ने मंगलवार को तीनों तहसील क्षेत्रों में कंबाइन हार्वेस्टर के संबंध में भ्रमण किया। कुछ जगह कंबाइन हार्वेस्टर बिना सुपर एसएमएस लगाए धान की थ्रेसरिंग करते मिले। उनको बंद कराकर कृषकों के घर पर खड़ा करा दिया। संबंधित किसानों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में बिना एसएमएस के धान की थ्रेसरिंग करते कंबाइन हार्वेस्टर देखा गया तो उसे सीज कर थाने में खड़ा करा दिया जाएगा।