एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र में हाईवे पर भदवास गांव के पास एक कैंटर की चपेट में बाइक आ गई। इस बाइक पर 5 लोग बैठे हुए थे, सभी घायल हो गए। एक की हालत को गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य सड़क हादसों में दो बाइक सवारों सहित 9 लोग घायल हुए हैं।
कोतवाली नगर के रुद्रपुर निवासी दीपू ने बताया कि मंगलवार शाम चाचा पंकज, चाची प्रीती, इनके दो बच्चे वरुण व रोहित और घर की ही ज्योति सिकंदराराऊ से एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में भदवास गांव के पास हाईवे पर एक कैंटर की चपेट में आने से बाइक गिर गई। उसको चला रहे चाचा सहित सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इनमें से रोहित की हालत को नाजुक देखते हुए अलीगढ़ रेफर किया गया है।
थाना कोतवाली देहात के गांव जिरसमी के पास अमांपुर रोड पर सोमवार की देर रात बाइक रैलिंग से टकराते हुए नहर में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। गांव नूरपुर जिला फिरोजाबाद निवासी राजू ने बताया कि वह अपने साथी पंकज निवासी चुन्नपुरा थाना जैथरा के साथ मंगलवार रात अमांपुर की ओर से एटा आ रहे थे। जैसे ही बाइक गांव जिरसमी के पास पहुंची, सड़क पर मोड़ होने के कारण अनियंत्रित होकर नहर की रैलिंग से टकरा गई। जिसके कारण हम दोनों नहर में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
अन्य सड़क हादसों में रश्मि और राजेंद्र निवासी पिलुआ, शाहरुख अली निवासी कैल्ठा थाना अलीगंज, इंद्रा व नूरबानो निवासी करतला थाना बागवाला, इलियास ढोलना व कैलाश निवासी राजा का रामपुर घायल हुए हैं।