पुलिस द्वारा पकड़ी गई कच्ची शराब- संवाद
- फोटो : ETAH
कोतवाली नगर के मोहल्ला हिंदू नगर में बुधवार को अलीगढ़ से आई आबकारी विभाग की टीम के साथ पुलिस ने संयुक्त छापामार कार्रवाई की गई। पुलिस और आबकारी टीम ने घरों में कच्ची शराब की धधकी भट्टियों को तहस नहस कर दिया। अवैध शराब के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद हिंदू नगर में खलबली मच गई और शराब का अवैध धंधा करने वाले घरों से भाग गए। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
स्पेशल स्ट्राइकिंग फोर्स (एसएसएफ) अलीगढ़ के वरिष्ठ आबकारी निरीक्षक मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक अवनीश पांडेय, दिनेश पासवान और निहांत यादव के साथ कोतवाली नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से हिंदू नगर में कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने हिंदू नगर की सकरी गलियों के बीच बने मकानों में धधकी कच्ची शराब की दो भट्टियों को तोड़ा और 50 लीटर कच्ची शराब, 500 किलो लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराया।
वरिष्ठ आबकारी निरीक्षक मुकेश कुमार यादव ने बताया है कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही हैं। जिला में कच्ची शराब के क्षेत्रों को चिह्नित कर लिया गया है, उनके खिलाफ पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कोतवाली नगर पुलिस ने शिवसिंहपुर तिराहा के पास से गोविंद पुत्र महेश निवासी आंबेडकर नगर मूर्ति के पास कटरा मोहल्ला और मोनू पुत्र जसवंत निवासी भूतेश्वर कालोनी को पांच-पांच लीटर कच्ची शराब सहित गिरफ्तार किया है।