छुटपुट घटनाओं को छोड़कर जिले में रंग पर्व गुरुवार को शांतिपूर्ण रहा। सुबह से शुरू हुआ रंगों का हुड़दंग दोपहर तक चला। हुरियारों के समूह गलियों सड़कों पर धमाल मचाते दिखाई दिए। बाइक पर भी युवाओं की टोलियां रंग लगाती नजर आईं।
लोगों ने होलिका में आखत डालकर खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही शुरू हुआ रंगों का जश्न दोपहर तक जारी रहा। टोलियों में निकले महिला पुरुष होली खेलते दिखाई दिए। वहीं युवाओं के समूह सड़कों पर धमाल मचाते दिखे। यहां से गुजरने वाला कोई भी बिना सराबोर हुए नहीं निकल पा रहा था। जीटी रोड, रेलवे रोड, आगरा रोड, पटियाली गेट, पीपल अड्डा पर हुरियारे गाते नाचते लोगों पर रंग बरसा रहे थे।
शाम के समय शुरू हुआ होली मिलन देर रात तक जारी रहा। लोगों ने एक दूसरे के घर पहुंचकर गले मिलकर पर्व की बधाईयां दीं। साथ ही गुझिया आदि पकवानों का लुत्फ लिया। तो वहीं धार्मिक आयोजनों की धूम रही। शांति नगर मे नवनिर्मित शिव परिवार मंदिर के पास भजन कीर्तन हुए। महिला पुरु षों ने होली गीत का आयोजन कर खुशहाली की कामना की।
मुस्तैद रही पुलिस
पर्व पर पुलिस की खासी व्यवस्थाएं दिखाई दीं। पुलिस पिकेट सड़कों, मोहल्लों में गश्त करती दिखी। पुलिसकर्मी अधिक हुरियारों को इकट्ठा नहीं होने दे रहे थे। पीपल अड्डा, ठंडी सड़क पर लगे पुलिसकमियों ने इनका जमघट नहीं होने दिया।
भरपूर मिली बिजली आपूर्ति
होली पर विद्युत आपूर्ति लगातार मिली। जिससे लोग खुश रहे। ऐेसे में पानी की किल्लत नहीं हो पाई। लेकिन पर्व के बाद शुक्रवार को हुई घंटों कटौती से लोग तिलमिला उठे। पर्व के बाद लौटने लगे लोग, बसों में बढ़ी भीड़
बस स्टैंड पर भीड़, डिपो ने दिल्ली रूट पर लगाई सौ बस
अमर उजाला ब्यूरो
एटा। पर्व के बाद अब लोग लौटने लगे हैं। शुक्रवार से ही रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ दिखी। सर्वाधिक सवारियां दिल्ली मार्ग के लिए हैं। डिपो ने भी इस रूट के लिए सौ बस अतिरिक्त लगाईं।
शुक्रवार दोपहर बाद से ही यहां लोगों की भीड़ बढ़ गई। निगम अधिकारियों का कहना है कि शनिवार से लौटने वालों की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी। इसके चलते डिपो ने केवल दिल्ली मार्ग पर ही सौ बस लगाई हैं। बसों की व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा के लिए अधिकारियों ने एक टीम बस स्टेंड पर तैनात की है।
लौटने वाले यात्रियों के चलते दिल्ली मार्ग पर सौ बस लगाई गई हैं। शनिवार से यात्रियों की संख्या अधिकतम हो जाएगी। चालक परिचालकों के अवकाश निरस्त कर दिए हैं। 20-29 मार्च तक अनवरत सेवाओं पर विशेष पुरस्कार पैकेज भी दिया जाएगा।
- संजीव कुमार, एआरएम