सकीट रोड पर फाइबर लाइन डालने के दौरान टूटी पाइप लाइन से बहता पानी। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। एक निजी कंपनी द्वारा शहर में भूमिगत फाइबर लाइन डाली जा रही है जिससे पालिका को नुकसान हो रहा है। वहीं लाइन डालने के लिए न तो नगर पालिका से अनुमति ली गई है और न सावधानी के नियमों का पालन किया जा रहा है। खोदाई के दौरान बार-बार नगर पालिका की पानी की पाइपलाइन टूट रही है। जिससे जलापूर्ति बाधित हो रही है।
नगर पालिका क्षेत्र में एक निजी टेलीकॉम कंपनी द्वारा भूमिगत फाइबर लाइन डाली जा रही है। खोदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से जहां संबंधित इलाके लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंचता है। वहीं टूटी हुई पाइपलाइन से हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो रहा है। सकीट रोड स्थित रेजंगला चौराहा के पास फाइबर लाइन डालते वक्त पानी की पाइप लाइन टूट गई। कंपनी के श्रमिकों ने इसे ठीक करने की बजाए साइकिल के ट्यूब से पाइप को बांधकर आगे काम शुरू कर दिया। जिससे यहां लगातार पानी बहकर बर्बाद हो रहा है।