अलीगंज। हत्सारी गांव में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल यूनिट ने गांव पहुंचकर 188 मरीजों का उपचार किया। इनमें 35 लोगों की डेंगू और मलेरिया की जांच कराई गई। तीन मरीजों में बीमारी के लक्षण संदिग्ध मिलने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज रेफर किया गया। गांव में बुखार से एक बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत है।
गांव में लगातार बुखार के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। करीब सात हजार की आबादी वाले गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों की जांच और उपचार में जुटी है। बुधवार को मोबाइल यूनिट के जरिए मरीजों को दवाएं दी गईं। वहीं, 66 लोगों की खून की जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
-
सफाई कराई, मच्छरों की रोकथाम के लिए छिड़काव
बुखार के बढ़ते मामलों के बीच विकास और पंचायत विभाग भी सक्रिय हुआ। विकास खंड अधिकारी शिव शंकर शर्मा और सहायक विकास अधिकारी पंचायत राकेश कुमार के निर्देशन में गांव में सफाई अभियान चलाया गया। नाले-नालियों की सफाई कराने के साथ डीटीसी का छिड़काव किया गया। जगह-जगह उगी घास की कटाई और फॉगिंग के जरिय मच्छरों पर नियंत्रण की तैयारी की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही बुखार आने पर लापरवाही न बरतने और तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की।
-
गांव में बुधवार को 188 मरीजों की ओपीडी रही। इस दौरान कुल 66 लोगों के रक्त की जांच की गई। सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं और स्थिति नियंत्रण में है। -डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सीएमओ