एटा। अलीगंज क्षेत्र के गांव नगला तारा में रहस्यमयी बुखार का प्रकोप टूटा है। तीन दिन में तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। 150 से अधिक लोग बुखार की गिरफ्त में हैं। स्वास्थ्य विभाग की 10 सदस्यीय टीम ने बुधवार को गांव में पहुंचकर डेरा डाल दिया। कई घरों में जाकर पड़ताल की। रोगियों की जांच के लिए नमूने लिए और दवाएं दीं।
गांव में हफ्ते भर से बुखार का प्रकोप फैला हुआ है। ग्राम प्रधान पति बबलू राजपूत ने बताया कि बुखार की वजह से सुखराम के 8 वर्षीय पुत्र शोभित, धर्मवीर के 6 दिन के पुत्र की मौत 24 अगस्त और चंपत की 9 वर्षीय पुत्री रूपा की मौत 26 अगस्त को हुई थी। रहस्यमयी बुखार की वजह से तीन बच्चों की मौत होने के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है। करीब 150 लोग बुखार से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग को सूचना दिए जाने के बाद टीम आज यहां आई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के अधीक्षक डॉ. शिव कुमार के नेतृत्व में बुधवार को टीम गांव पहुंची और इलाज शुरू किया। टीम ने 130 लोगों का परीक्षण किया। इनमें से 80 लोगों की मलेरिया और छह के डेंगू के परीक्षण के लिए सैंपल लिए। एक बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया।
ग्राम प्रधान ने सूचना दी थी। तत्काल 10 सदस्यीय स्वास्थ्य टीम को गांव में भेज कर कैंप लगाया गया है। मैं स्वयं गांव में मौजूद रहा। उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। पहले दिन 130 लोगों को दवाएं वितरित की गई हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कौन सी बीमारी है। साथ ही लोगों को साफ-सफाई और बीमारी से बचाव के उपाय बताए गए हैं। -डॉ. शिव कुमार, चिकित्सा अधीक्षक अलीगंज सीएचसी