रूट डायवर्जन के कारण महाराणा प्रताप चौक से होता बसों का संचालन और मौजूद यात्री व रोजवेज स्टाफ।
एटा। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर लागू रूट डायवर्जन का असर शनिवार को पूरे दिन रोडवेज संचालन पर दिखाई दिया। शहर के अंदर सोमवार तक रोडवेज बसों का प्रवेश बंद होने के कारण संचालन महाराणा प्रताप चौक से किया जा रहा है। दोपहर की तेज धूप और उमस के बीच बस का इंतजार कर रही एक महिला यात्री अचानक अचेत होकर गिर पड़ी।
कांवड़ यात्रा के कारण शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार शाम छह बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इसी वजह से रोडवेज का संचालन अलीगढ़ की ओर रेलवे पुल के पास स्थित महाराणा प्रताप चौक से किया जा रहा है। शनिवार को दिनभर यहां यात्रियों की भीड़ लगी रही। यहां धूप से बचने की कोई व्यवस्था ने होने के कारण यात्रियों को खुले में खड़ा रहना पड़ा, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हुई। आगरा जा रहे शिखर शर्मा ने बताया कि उन्हें शहर के अंदर बसें नहीं मिलने की पूर्व सूचना नहीं थी। इसी दौरान एक महिला बस से उतरते ही गर्मी की वजह से अचेत हो गई। वहां मौजूद यातायात उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने महिला को पानी पिलाया और ई-रिक्शा के माध्यम से गंतव्य के लिए भेजा।
रूट डायवर्जन का असर परिवहन निगम के संचालन पर भी पड़ रहा है। रोडवेज बसों को डीजल भरवाने और तकनीकी मरम्मत के लिए शहर स्थित वर्कशॉप तक आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इससे नियमित संचालन प्रभावित हो रहा है। वहीं प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले रोडवेज बसों के संचालन स्थल और रूट डायवर्जन की जानकारी अवश्य कर लें। सोमवार तक यही व्यवस्था लागू रहेगी।
समस्या आ रही है डीजल के लिए भी शहर में बसों के प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। जिलाधिकारी से बात कर समस्या का समाधान करने का प्रयास करेंगे। - मंजूलता, प्रभारी रोडवेज परिचालन
-