एटा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने शुक्रवार को रेलवे पुल के पास स्थित शहीद स्मारक से ट्रैक्टर सद्भावना यात्रा निकाली। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन को दिया। इसमें 11 सूत्रीय मांगों को रखा।
भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह किसान के नेतृत्व में सुबह करीब 11 बजे किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर शहीद स्मारक पहुंचे। यहां से ट्रैक्टर सद्भावना यात्रा शुरू की गई, जो जीटी रोड, बस स्टैंड, गांधी मार्केट से कचहरी पहुंचकर धरना स्थल पर सभा के रूप में बदल गई। किसानों ने मांग रखीं कि कृषि उत्पादन और व्यापार से बहुराष्ट्रीय कंपनियों को दूर रखा जाए। किसान आंदोलनों के दौरान लगाए गए झूठे मुकदमों का वापस लिया जाए व लखीमपुर खीरी में शहीद किसानों को न्याय दिलाया जाए।
यह भी कहा कि बिजली संशोधन विधेयक को वापस लिया जाए और प्रीपेड स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएं। भारतीय सेना में अग्निपथ योजना को समाप्त किया जाए। जवानों की भर्ती पूर्व की भांति रखी जाए। किसान परिवारों को कर्ज से मुक्त करने के लिए व्यापक ऋण माफी योजना चलाई जाए। जयवीर सिंह, राजेश कुमार, प्रेम चौहान, राजपाल यादव, जगदीश सिंह आदि मौजूद रहे।