एटा। ऑल इंडिया किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को निधौली कलां में हुए सत्यवीर हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में पिटाई के दौरान सत्यवीर की मौत हुई। इसकी निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
ऑल इंडिया किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश लोधी ने आरोप लगाया कि 2 अगस्त को पुलिस हिरासत में सत्यवीर की पुलिसकर्मियों ने पीटकर हत्या कर दी थी। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। कहा कि आरोपी उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह व आसिफ अली सहित तीन अज्ञात पुलिसकर्मियों को जेल भेज कर उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए। अभी तक पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित पक्ष को पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। परिवार सत्यवीर हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराना चाहता है जिससे दोषियों को दंड मिल सके। कैलाश लोधी ने मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए और एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाए। जानमाल की सुरक्षा के तहत लाइसेंस स्वीकृत किया जाए। मांग पूरी नहीं हुई तो कभी भी प्रदर्शन व अनिश्चितकालीन धरना प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। राम सिंह लोधी, सूरज लोधी, प्रेम सिंह, नरेंद्र सिंह, पुरुषोत्तम सहित तमाम किसान व पदाधिकारी मौजूद रहे।
एडीएम प्रशासन करेंगे मौत की जांच
एटा। एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश ने बताया कि निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव चंद्रभानपुर में किशोर की पुलिस की पिटाई से मौत का जो आरोप परिजन ने लगाया है। उसकी मजिस्ट्रेटी जांच के लिए जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने उनको जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति विशेष को इस घटना से संबंधित कोई भी साक्ष्य या अपना पक्ष रखना हो तो 10 अगस्त तक मिल सकते हैं। इसके लिए अपर जिलाधिकारी कार्यालय पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक किसी भी कार्य दिवस में उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकते हैं। संवाद