अलीगंज। बेटी की शिकायत पर उसकी ससुराल पहुंचे पति और जेठ ने हमलाकर उसके पिता को घायल कर दिया था। गंभीर हालत में किसान की आगरा के एक अस्पताल में पांच मार्च को मौत हो गई। मामले की प्राथमिकी मृतक के पुत्र ने कोतवाली में दर्ज कराई है।
क्षेत्र के गांव मिहुता निवासी देवेश की शादी फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज क्षेत्र के गांव जयसिंहपुर की अनीता से एक साल पहले हुई थी। ससुरालीजन के उत्पीड़न से परेशान अनीता ने 19 फरवरी को फोन पर अपने पिता को बताया यहां उसकी जान को खतरा है। यह लोग उसकी हत्या कर देंगे, इसलिए उसको बुलाकर ले जाएं। बेटी की सूचना पर सुरेंद्र सिंह अगले दिन 20 फरवरी को अपने भाई मदनलाल और सर्वेश एवं पुत्र उपेंद्र के साथ बाइक से मिहुता आ गए। यहां आकर उन्होंने बेटी अनीता से घर चलने के लिए तैयारी करने को कहा। इतने में देवेश और उसके भाई नेमसिंह ने लाठी से सुरेंद्र पर हमला कर दिया।
सिर में चोट लगते ही सुरेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, पिता के सिर से खून बहता देख अनीता की चीख सुन उसके ताऊ, चाचा, भाई भी आ गए। हमलावर उन पर भी हमला कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया, यहां से गंभीर हालत में सुरेंद्र को आगरा भेजा गया। जहां उपचार के दौरान पांच मार्च को सुरेंद्र की मौत हो गई। इस मामले की प्राथमिकी अनीता के भाई उपेंद्र ने कोतवाली में दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया घटना के बाद से अनीता के सभी ससुरालीजन फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।