पोस्टमार्टम गृह पर महिला के रोते परिजन।
- फोटो : ETAH
एटा। कोतवाली नगर के रेवाड़ी मोहल्ला में बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे क्लीनिक में सोमवार सुबह प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही से प्रसव करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान झोलाछाप वहां से भाग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्लीनिक संचालिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना सकीट क्षेत्र के गांव चपरई निवासी शकील ने बताया कि तबियत बिगड़ने पर चार दिन पहले गर्भवती पत्नी शबीना (26) को शहर के मोहल्ला रेवाड़ी स्थित तुलसा देवी के क्लीनिक पर भर्ती कराया था। जहां उसका इलाज चल रहा था। आरोप है कि पांच हजार रुपये भर्ती होने के समय जमा करा लिए गए। प्रसव से पूर्व पांच हजार रुपये और मांगे गए। सोमवार की सुबह 10 बजे प्रसव हुआ। इसके बाद पत्नी की तबियत बिगड़ने लगी। कुछ देर बाद पत्नी और पैदा हुए बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान संचालिका क्लीनिक पर ताला लगाकर भाग गई। एसीएमओ डॉ. आरएन गुप्ता की ओर से क्लीनिक संचालिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।