एटा। सदर तहसील के गांव लालगढ़ी निवासी एक किसान मंडी स्थित आरएफसी के केंद्र पर मक्का बेचने पहुंचा। शाम को केंद्र पर पहुंचे केंद्र प्रभारी ने मक्का मानक के अनुरूप न होने की बात कहकर उसको फेल कर दिया। इस पर किसान ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी दी। आत्मदाह की बात सुनकर उन्होंने आननफानन मक्का की खरीद कर ली।
लालगढ़ी निवासी राजेंद्र यादव ने बताया शनिवार को वह अपनी मक्का बेचने आरएफसी केंद्र पर सुबह 10 बजे पहुंचे। क्रय केंद्र पर प्रभारी के न होने के चलते उनसे रुकने की बात कही गई। किसान ने बताया शाम पांच बजे केंद्र प्रभारी भगवत स्वरूप आए और मक्का मानक के अनुरूप न होने की बात कहकर घर ले जाने को बोल दिया। उसने बताया बृहस्पतिवार को भी वह केंद्र पर मक्का लाया था, लेकिन मक्का नहीं खरीदी गई और सुखाकर लाने की बात कही गई।
उसने बताया केंद्र पर लाने और वापस ले जाने में 1500 रुपये का खर्चा आया। शनिवार को केंद्र प्रभारी द्वारा मक्का को फिर फेल कर दिया गया। जब उनसे फेल करने का कारण पूछा तो मानक के अनुरूप न होने की बात कही। इस पर किसान उदास हो गया और केंद्र प्रभारी से पेट्रोल डालकर मक्का में आग लगाने व आत्मदाह करने की धमकी दी। किसान की आत्मदाह की बात सुनते ही केंद्र प्रभारी ने तुरंत मक्का की तौल कराना शुरू कर दी।