एटा। एसआईटी की पहली सूची में चिह्नित हुए 111 फर्जी डिग्री धारक शिक्षकों पर निर्णायक कार्रवाई की तैयारी है। बीएसए ने 76 को अंतिम नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण सहित स्वयं उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
आठ शिक्षकों पर कार्रवाई होने से पूर्व ही पहली सूची के 111 संदिग्ध शिक्षक शिक्षिकाओं पर भी शिकंजा कस गया है। एसआईटी की दूसरी सूची में भी इनके नाम होने पर गंभीर विभाग ने इनके विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई का निर्णय लिया है। गुरुवार तक बीएसए ने 76 संदिग्धों को नोटिस जारी कर स्वंय उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। डॉ बीआर अंबेडकर विवि में एसआईटी जांच की पहली सूची में चिह्नित फर्जी डिग्री धारक इन शिक्षकों को पहले भी नोटिस जारी किए गए लेकिन कार्रवाई से पूर्व ही न्यायालय ने हस्तक्षेप कर बिना वेतन रोके हुए पुन: जांच के निर्देश दिए थे।
एसआईटी की दूसरी सूची में भी इनके नाम आने पर कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है। इन्हें अंतिम नोटिस जारी कर लिखित जवाब एवं साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके बाद निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
मनोज कुमार गिरि, बीएसए