विद्युत अव्यवस्था को लेकर पुन: ताज ट्रिपेजियम क्षेत्र जलेसर में आंदोलन का दौर शुरू हो गया है। भाकियू भानू ने मंगलवार को 33 केवी विद्युत स्टेशन पर ताले डाल दिए, वहीं पटना पक्षी विहार स्थित विद्युत स्टेशन के बाहर ग्रामीणों ने दो बार जाम लगाकर जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग ठप कर दिया। इससे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बाद में एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
जलेसर में गत माह विद्युत अव्यवस्था को लेकर बाजार बंद, जाम, पथराव, आगजनी की घटना के उपरांत विद्युत विभाग से 21 घंटे अनवरत विद्युत सप्लाई के लिए लिखित समझौते होने के बाद भी विद्युत अव्यवस्था हावी होने से लोगों में रोष व्याप्त हो गया। सोमवार की रात मात्र एक घंटे ही सप्लाई मिली। बिजली अव्यवस्था को लेकर मंगलवार को भाकियू भानू के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कार्यकर्ता एकत्रित होकर सुबह 10 बजे 33 केवी सब स्टेशन पहुंच गए, जहां तालाबंदी कर दी और नारेबाजी की।
भाकियू भानू युवा इकाई के जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह ठाकुर ने उपजिलाधिकारी को सौंपे शिकायती पत्र में चेतावनी दी कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान एवं विद्युत कटौती को समाप्त नहीं किया जाता भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन प्रात: 10 बजे से सायं पांच बजे तक जारी रहेगा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष आदिल खां, तहसील अध्यक्ष नरेंद्र यादव, जिला महासचिव राजा ठाकुर, हर्ष बृजवासी, लल्लन सिंह, नीटू सिंह, वीरेंद्रपाल, सतेंद्र सिंह, हरवेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, मन्जीत सिंह, महमूद अहमद, भूपेंद्र सिंह, गुड्डू सिंह आदि मौजूद थे।
दूसरी ओर, पटना विद्युत स्टेशन पर तीन दिन से विद्युत व्यवस्था चौपट होने से गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेशन के बाहर दो बार जाम लगाया। विद्युत ट्रांसफार्मर में आई खराबी के उपरांत द्वारा बार बार अनुरोध किए जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर सही न कराए जाने के कारण पिछले तीन दिनों से विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से चौपट पड़ी थी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह 10 बजे पटना बिजलीघर के सामने जाम लगा दिया। दो घंटे चले जाम के उपरांत मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने समझाकर जाम खुलवा दिया। जाम खुलने के बाद भी बिजली व्यवस्था सुचारू न हो पाने पर गुस्साए ग्रामीणों ने पुन: एक बजे से जाम लगा दिया। तीन बजे से करीब जाम स्थल पर उपजिलाधिकारी संदीप गुप्ता एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस राघवेंद्र सिंह चौहान मय कोतवाली पुलिस के साथ पहुंचे। समझा बुझाकर जाम खुलवाया। वहीं विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर जनता को आश्वस्त किया कि ट्रांसफार्मर में मौजूद तेल की कमी को दूर कराया जा रहा है। चार दिनों के उपरांत नया ट्रांसफार्मर लगवाया जाएगा।
इस मौके पर पटना, गनेशपुर, मुढई, बनवारीपुर, सरसेला, बुधेरा, दोलतपुर मुस्की, मकसूदपुर के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।
----
अघोषित कटौती का मुख्य कारण बिजली चोरी
जलेसर। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में हो रही जबरदस्त विद्युत कटौती को लेकर जब विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से जानकारी चाही तो उनका एकदम सपाट जवाब था कि हम क्या करें मजबूर हैं। ऊपर से ही कटौती हो रही है। जब इस मामले की तहकीकात की तो नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जलेसर क्षेत्र में बिजली चोरी भारी मात्रा में हो रही है। दो माह पूर्व तक 60 प्रतिशत तक की विद्युत चोरी हो रही थी। तमाम प्रयासों के उपरांत मौजूदा समय में 47 प्रतिशत चोरी हो रही है। जबकि शाशनादेश के अनुसार जिन शहरों में विद्युत चोरी 15 प्रतिशत से अधिक है। उनमें विद्युत कटौती जारी रखी जाए। जिन क्षेत्रों में 15 प्रतिशत से कम बिजली चोरी हो रही है। उन क्षेत्रों में अनवरत 22 घन्टे विद्युत आपूर्ति सुचारू की जाए।