एटा। बिजली उपभोक्ताओं को अब गलत खाते से मोबाइल नंबर लिंक होने की समस्या से राहत मिल सकेगी। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की वेबसाइट पर इसके लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से उपभोक्ता अपने मोबाइल नंबर से जुड़े सभी बिजली खातों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और गलत खाते से अपना नंबर हटा सकते हैं।
अक्सर मोबाइल नंबर गलत बिजली खाते से जुड़ जाने के कारण उपभोक्ताओं को दूसरे उपभोक्ताओं के बिल, भुगतान और अन्य गतिविधियों से संबंधित एसएमएस मिलने लगते हैं। समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता uppcl.org पर जाकर संबंधित ऑनलाइन सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर का ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। इसके बाद उपभोक्ता गलत खाते से अपना मोबाइल नंबर हटाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की वेबसाइट पर मोबाइल नंबर संशोधित करने के लिए ऑनलाइन सुविधा शुरू की गई है। इससे उपभोक्ता अपने खाते से मोबाइल नंबर सही कर सकते हैं। - सुभाष चंद्र, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम