अलीगंज तहसील क्षेत्र के लाडमपुर कटारा गांव के समीप ऑयल इंडिया की टीम काम करती हुई। संवाद
अलीगंज/राजा का रामपुर। लाड़मपुर कटारा गांव के पास प्राकृतिक खनिज की तलाश में आधुनिक मशीनों से खुदाई कर परीक्षण किया जा रहा है। ऑयल इंडिया कॉरपोरेशन की टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल पैदा हो गई है। आस-पड़ोस के गांव के लोग ड्रिलिंग मशीन से की जा रही खुदाई को देखने के लिए आ रहे हैं। प्राकृतिक खनिज की संभावना पर की जा रही खुदाई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
ऑयल इंडिया कॉरपोरेशन के साथ प्राकृतिक खनिज की तलाश में अल्फा जीरो कंपनी के विशेषज्ञ और तकनीकी अधिकारी आधुनिक मशीनों के माध्यम से जमीन में ड्रिलिंग कर सर्वे कर रहे हैं। भारी-भरकम ड्रिलिंग मशीनों की मदद से जमीन के भीतर काफी गहराई तक खुदाई की जा रही है। कंपनी के अधिकारी संतोष मौर्य ने बताया 80 फीट तक बोरिंग कर जमीन की विभिन्न परतों का परीक्षण किया जा रहा है।
प्राकृतिक खनिज की संभावना पर 60-60 मीटर की दूरी पर अलग-अलग स्थानों पर खुदाई की प्रक्रिया की जा रही है। कंपनी के अधिकारी प्रवीन कुमार के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम लगातार निगरानी और परीक्षण में जुटी हुई है। मेग्नेटिक और अन्य आधुनिक उपकरणों से जमीन के अंदर की संरचना का अध्ययन किया जा रहा है।
पत्थरों को तोड़कर और मिट्टी के नमूनों की जांच कर प्राकृतिक खनिज की संभावना तलाशी जा रही है। मशीनों की आवाज सुनकर बच्चे, बुजर्ग, महिलएं उत्सुकतावश उनकी कार्रवाई देखने को एकत्रित हो जाते हैं। अधिकारियों ने बताया प्रदेश के 44 जिलों में एक साथ इस तरह की जांच प्रक्रिया चल रही है। अलीगंज क्षेत्र के नयागांव से लेकर मैनपुरी और शिकोहाबाद के विभिन्न स्थानों पर परीक्षण किया जा रहा है। प्राकृतिक खनिज मिलने पर क्षेत्र के लोग अभी से सपने संजोने लगे हैं। संवाद