एटा। अलीगढ़ और एटा में पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव शाम के समय मोहल्ला चोबदार में लाए गए। एक मोहल्ले के चार लोगों के शव देखकर सभी की आंखों से आंसू बह निकले।
एटा मेडिकल कॉलेज में रविंद्र सिंह का पोस्टमार्टम हुआ। सबसे पहले इसका शव ही लाया गया। इसके बाद अलीगढ़ से अन्य तीनों मृतकों के शव भी देर शाम तक कस्बे में पहुंचाए गए। मरने वाले दो पिता-पुत्र हैं तो अन्य दोनों भी आस पड़ोस के रहने वाले थे। शव आते ही पूरे मोहल्ले में भीड़ एकत्रित हो गई। किसी की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। किसी का बेटा, भाई तो किसी का पति काल के गाल में असमय समा गया था।
इनके कलेजे शवों को देखकर फटे जा रहे थे। मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने भी पहुंचकर मृतकों के परिजन को सांत्वना देते हुए ढांढ़स बंधाया। इसके बाद एक ही श्मशान भूमि में चारों शवों की अंत्येष्टि गमगीन माहौल में की गई। कस्बेे सहित आसपास के गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।