एटा। मम्मी-पापा और बहन के बिना यहां बाबा के साथ रहना अच्छा नहीं लगता। इसलिए घर जाना चाहती थी। स्कूल से छुट्टी नहीं मिल रही थी तो बृहस्पतिवार को हाफ-डे के बाद ऑटो में बैठकर शहर पहुंच गई। यहां बस स्टैंड चौकी पर अपहरण के प्रयास की झूठी कहानी बनाकर सुना दी। छात्रा की यह बात सुनकर पुलिस अधिकारी भी चौंक गए।
सीओ सकीट कीर्तिका सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को कक्षा एक की छात्रा के अपहरण के प्रयास की सूचना मिलते ही थाना मलावन पुलिस के साथ ही एसओजी की टीम को भी सक्रिय कर दिया गया था। लगभग 6 घंटे तक घटनास्थल से छात्रा के बताए गए स्थान तक सीसीटीवी कैमरे व अन्य तरीकों से जांच-पड़ताल की गई। कोई भी संदिग्ध गतिविधि या कोई भी छात्रा को बाइक से ले जाते नहीं दिखा। इसके बाद छात्रा के परिजन को बुलाकर प्यार से बातचीत करते हुए पूछा तो उसने बताया कि घर जाने के लिए कहानी गढ़ी थी।
छात्रा के मुताबिक वह गांव छछैना में बाबा के साथ रहती है। कई दिन से उसे अलीगढ़ में रहने वाले मम्मी-पापा और बहन की बहुत याद आ रही थी। घर जाने के लिए उसने यह कहानी तैयार की। बताया कि घर पर टीवी देखकर इस प्रकार की घटना के बारे में जाना और वही कहानी बनाई। पूछताछ के बाद छात्रा को परिजन के साथ अलीगढ़ भेज दिया गया है।