जर्जर हाल में शहर का मेहता पार्क ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कई साल से लोगों को निधौली रोड सकरा होने की वजह से निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़े वाहनों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। अब यह समस्या दूर होने वाली है। एटा-निधौली कलां मार्ग को 321 करोड़ रुपये से चौड़ा कराया जाएगा। साढ़े पांच मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ाई की जाएगी।
एटा से निधौलीकलां की लंबाई करीब 21 किलोमीटर है। महज साढ़े पांच मीटर चौड़े इस पर भारी व बड़े वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। खासतौर से शहर की सीमा में तो अक्सर जाम के हालात बने रहते हैं। इसे लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण इटावा की ओर से मार्ग के चौड़ीकरण का खाका तैयार कर लिया गया है। जिस पर सरकार की मंजूरी भी मिल गई है। करीब 321 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण के साथ निर्माण कार्य किया जाएगा। जिससे यातायात संचालन में अड़चनें नहीं रहेंगी। एटा से निधौलीकलां होते हुए नूहंखास तक मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
बनाया जाएगा नहर पर पुल
एटा से निधौलीकलां मार्ग पर हजारा नहर पड़ती है जहां पर पुल काफी सकरा है। यहां पर एक समय में एक ही वाहन गुजर पाता है। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए यहां एक बड़े पुल का भी निर्माण किया जाएगा। जिससे वाहनों के निकलने में सहूलियत भी मिलेगी।