एटा। जैथरा थाना क्षेत्र में बुधवार को बाजार से घर लौट रहे 48 वर्षीय किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा परौली के पास सिढ़पुरा मार्ग पर हुआ। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
गांव साखीपुर निवासी इंद्रपाल बुधवार को जैथरा बाजार गए थे। सामान खरीदकर बाइक से घर लौटते समय परौली के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। वह सड़क किनारे घायल पड़े रहे। राहगीरों ने पहचानकर परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भतीजे ईश्वर ने बताया कि चाचा बाजार से लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। परिवार में मातम छा गया। धुमरी चौकी प्रभारी धर्मेश कुमार ने बताया कि उन्हें अभी मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी करने के बाद ही कुछ बता पाएंगे।