रेवाड़ी मोहल्ले में गिरा पड़ा भवन के छज्जे का मलवा। संवाद
एटा। जिले में दो दिन से हो रही बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। मंगलवार को मलावन थाना क्षेत्र के सेंथरी गांव में एक पुराना कच्चा मकान भरभराकर ढह गयाए जिससे मलबे में दबकर 50 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र के न्यू रेवाड़ी मोहल्ले में एक मकान का छज्जा गिरने से हाथ ठेला और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों घटनाओं ने जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
मलावन थाना क्षेत्र के सेंथरी गांव में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे 50 वर्षीय उर्मिला देवी अपने घर के सामने बने पुराने कच्चे मकान में जानवरों को चारा डालने गई थीं। लगातार बारिश से कमजोर हो चुका मकान अचानक भरभराकर ढह गया और वह मलबे में दब गईं। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला। घायल अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सकीट ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां उनका उपचार जारी है। दूसरी ओर सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र के न्यू रेवाड़ी मोहल्ले में लगातार बारिश के कारण संजीव सक्सेना के मकान का छज्जा अचानक गिर गया। छज्जे के नीचे खड़ा एक हाथ ठेला और अन्य सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार हो रही बारिश के बीच जिले में पुराने और जर्जर भवन लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर ऐसे भवनों की समय रहते जांच और मरम्मत की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।