फोटो- 25अलीगंज क्षेत्र के गांव नथूआपुर में अजगर को रेस्क्यू करती टीम। संवाद
अलीगंज। गांव नथुआपुर में शनिवार की दोपहर खेत में दस फीट लंबा अजगर निकलने से खलबली मच गई। जानकारी पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को रेस्क्यू कर पकड़ा, फिर उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया।
गांव निवासी फकीरेलाल के खेत में सिंचाई को सबमर्सिबल लगी है। सबमर्सिबल की देखरेख को एक छोटा सा कमरा बना है। कमरे के पास शनिवार की दोपहर दस फीट लंबा अजगर दिखने पर गांव में खलबली मच गई। अजगर देखने को मौके पर भीड़ जमा हो गई। जानकारी पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पहले सभी ग्रामीणों को दूर किया। फिर अजगर को रेस्क्यू करते हुए पकड़ लिया। वन अधिकारी आदित्य सक्सेना ने बताया कि अजगर का वजन लगभग 50 किलो है। उन्होंने बताया कि मौसम में परिवर्तन होने पर वन्य जीव आबादी वाले क्षेत्र में अक्सर आ जाते हैं। इसलिए वन्य जीव मिलने पर घबराएं नहीं। उसके पास न जाएं, तत्काल वन विभाग की टीम को सूचित करें। रेस्क्यू टीम में वन विभाग के एसआई संजय कुमार सहित सचिन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, उजीर सिंह, समरपाल मौजूद रहे।