एटा। मलावन थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है, इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतका निशा की शादी नवंबर 2022 में मैनपुरी के विछवां निवासी विनय कुमार से हुई थी।
निशा के चाचा रामबाबू ने आरोप लगाया कि रविवार को पति विनय अपने घर आया था। सोमवार शाम को विनय का निशा से झगड़ा हुआ और उसने निशा की पिटाई की। कहा जा रहा है कि इसके बाद निशा ने जहर खा लिया। निशा के ससुर रामशंकर शाक्य ने मायके पक्ष को उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी। मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और निशा को मलावन के एक चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने उपचार करने से मना कर दिया, इसके बाद उसे आगरा ले जाया गया। आगरा में उपचार के बाद रात में उसे मलावन के रतौली गांव स्थित घर लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। निशा के पति विनय कुमार नोएडा में नौकरी करते हैं। मृतका की एक दो वर्ष की बेटी भी है। परिजन इस घटना से गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के सही कारणों का पता चल पाएगा।