एटा। गृहक्लेश के चलते विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन महिला को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
विज्ञापन
रिजोर थाना क्षेत्र के नगला बिके गांव निवासी रीता पत्नी यशपाल (26) ने गृहक्लेश के चलते घर में विषाक्त पदार्थ खा लिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत इमरजेंसी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता उमेश निवासी चुरेथा ने आरोप लगाते हुए कहा कि तीन साल पहले बेटी की शादी धूमधाम से यशपाल से की थी। सास, ननद और ससुर आए दिन प्रताड़ित करते थे। ताने और मानसिक दबाव से बेटी परेशान थी। बेटी रीता के पास दो छोटे बच्चे हैं जिसमें 2 साल की बेटी मिस्टी और 4 महीने का नवजात बेटा है। रिजोर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।