शहर के पं. दीनदयाल उपाध्याय चौराहे पर टैंकर में लगी आग से उठता धुआं। स्रोत वीडियोग्रेव
एटा। शहर के पं. दीनदयाल उपाध्याय चौराहे पर रविवार शाम करीब पांच बजे भारत पेट्रोलियम का एक टैंकर अचानक आग की चपेट में आ गया। शहर के व्यस्त इलाके में टैंकर में आग लगने से राहगीरों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग लगते ही टैंकर के चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। यदि टैंकर में पेट्रोलियम उत्पाद भरा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए आसपास का यातायात भी प्रभावित रहा। जिला अग्निशमन अधिकारी प्रशांत सिंह राणा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम के साथ दो फायर टेंडर लेकर वहां पहुंचे। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी जितेंद्र कुमार चौरसिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण वायरिंग शॉर्ट होना लग रहा है। फिर भी जांच की जा रही है।