बुधवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीज देखते चिकित्सक।
- फोटो : संवाद
एटा। बढ़ती गर्मी के साथ बिजली कटौती लोगों को बीमार बना रही है। बुखार, पेट दर्द और दस्त की चपेट में तो लोग आ ही रहे हैं। अब लोग माइग्रेन की चपेट में भी आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में हर रोज लगभग 100 मरीज इस समस्या के पहुंच रहे हैं। कामकाज के तनाव के बीच इन दिनों की भीषण गर्मी व बिजली कटौती ने परेशान कर रहा है। रात में बिजली कटौती होने पर गर्मी की वजह से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो रही। ऐसे में लोग माइग्रेन (आधे सिर में दर्द की समस्या) का शिकार बन रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में इस तरह के मरीजों का आंकड़ा मई के अंतिम सप्ताह में तापमान वृद्धि के साथ बढ़ा है। चिकित्सक अभिषेक चौहान ने बताया कि अधिक तापमान लोगों की सेहत पर कई तरह के नकारात्मक प्रभाव डालता है। धूप व गर्मी से लोग कई प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के शिकार हो रहे हैं। आजकल समाज में भौतिक चकाचौंध और काम का दबाव है, उससे लोग तनाव का शिकार हो रहे हैं। भीषण गर्मी में यह तनाव लोगों को माइग्रेन का शिकार बना रहा है। नींद पूरी न होना भी एक वजह है।
डॉ. कावेरी उपाध्याय ने बताया कि माइग्रेन एक न्यूरोलॉजिकल समस्या भी है। शरीर में पानी की कमी होना भी प्रमुख कारण है। गर्मियों में शरीर से पसीना अधिक निकलता है। इससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। इस कारण यह समस्या पैदा हो सकती है। इसलिए शरीर में पानी की कमी न होने दें। बताया कि मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में बुधवार को माइग्रेन से संबधित लगभग 100 मरीज इलाज के लिए आए।
माइग्रेन के लक्षण:
डॉ. अभिषेक चौहान ने बताया कि तेज आवाज, अशुद्ध हवा के अलावा गर्मी के चलते भी लोग माइग्रेन की चपेट में आ जाते हैं। इस बीमारी में सिर के एक हिस्से में तेज दर्द होता है। आमतौर पर यह परेशानी सिर के आधे हिस्से में रहती है। जो आगे के हिस्से से शुरू होती है। इस बीमारी से सिर में रह-रहकर दर्द होता है। दर्द के साथ उल्टी, चिड़चिड़ापन महसूस होना, गुस्सा आना आदि भी लक्षण हैं।
ऐसे करें बचाव:
शरीर में पानी की कमी न होने दें। खूब पानी पीएं और आदर्श जीवन शैली अपनाएं। रात को जल्दी सोएं, सुबह जल्दी उठें। सुबह-शाम टहलने जाएं। व्यायाम करें। योग के साथ प्राणायाम करें। संतुलित आहार लें। तेज धूप और तेज आवाज वाले स्थान पर जाने से बचें। शांत वातावरण में रहेंगे तो समस्या जल्दी दूर हो जाएगी।
बोले लोग-
गर्मी में तेज धूप में निकलने पर सिर के आधे हिस्से में दर्द होने लगता है। जिसके चलते कभी-कभी बेहोश भी हो जाती हूं।मेडिकल कॉलेज से दवा लेने आई तो डॉक्टर ने बताया कि माइग्रेन का दर्द है। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।
सिमरन, छछैना
एक बार सिर में तेज दर्द के साथ चक्कर आ गए तो बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन ने संभाला और मेडिकल कॉलेज ले जाकर दवा दिलाई, तब चिकित्सक ने बताया कि माइग्रेन का दर्द है। गर्मी और नींद पूरी न होने से समस्या हो रही है।
आरती देवी, बापू नगर