मारहरा कस्बे में बिना लाइसेंस जप्त किए गए घरेलू गैस सिलेंडर। सूचना विभाग
एटा। जिला प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मारहरा कस्बे में 30 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बिना लाइसेंस गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण और बिक्री के कारोबार का खुलासा किया।
पूर्ति विभाग को मिली सूचना पर 20 जुलाई को पूर्ति निरीक्षक मारहरा, निधौलीकलां और पुलिस टीम ने हेदरी चौक स्थित मोहल्ला शीशग्रान निवासी शकील अहमद के गोदाम पर छापा मारा। जांच के दौरान गोदाम से एचपी और इंडेन कंपनी के कुल 30 भरे और खाली घरेलू गैस सिलेंडर मिले। आरोपी इनके भंडारण व बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में सिलिंडरों को अधिक कीमत पर बेचने के लिए एकत्र करने की बात भी सामने आई। प्रशासन ने बरामद सभी सिलिंडरों को संबंधित गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखवा दिया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7, विस्फोटक अधिनियम, एलपीजी आदेश-2000 तथा गैस सिलेंडर नियमावली-2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। डीएम अरविंद सिंह ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और अवैध भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।