एटा। कुछ महीने पहले पोर्न वीडियो दिखाकर पांच वर्षीय बच्ची का यौन शोषण करने वाले जलेसर के एक घुंघरू कारोबारी को पुलिस ने गूगल की शिकायत पर सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुदित गुप्ता ने बच्ची के शोषण के कई वीडियो गूगल ड्राइव में सेव (सुरक्षित) कर रखे थे। आरोपी के दो मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त किए हैं, जिनमें 1000 से अधिक आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले हैं।
जांच में पता चला है कि आरोपी विभिन्न संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) और 11 अलग-अलग ई-मेल आईडी का इस्तेमाल करता था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी किसी अन्य व्यक्ति या संगठित नेटवर्क से तो नहीं जुड़ा है।
अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी के गूगल ड्राइव में सेव किए गए बच्ची के वीडियो का संज्ञान लेकर गूगल ने अमेरिकी संस्था एनसीएमईसी (राष्ट्रीय लापता एवं शोषित बाल केंद्र) को रिपोर्ट भेजी थी। वहां से यह जानकारी भारत के गृह मंत्रालय को साझा की गई। इसके बाद एनसीआरपी (राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल) के माध्यम से बाल यौन शोषण सामग्री से संबंधित नौ साइबर टिपलाइन एटा पुलिस को प्राप्त हुईं। थाना साइबर क्राइम प्रभारी शंभूनाथ के नेतृत्व में तकनीकी जांच की गई। इसमें आरोपी की लोकेशन जलेसर क्षेत्र में मिली। जांच के दौरान शुरू में 21 फोटो और वीडियो मिले, जिन्हें बाल यौन शोषण सामग्री से संबंधित पाया गया।
आईएमईआई नंबर, लॉग-इन, ई-मेल आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान जलेसर के मोहल्ला बाजार कलां निवासी 42 वर्षीय मुदित गुप्ता के रूप में की। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी को सोमवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयोग किए गए दो मोबाइल फोन और घटना के समय पहनी गईं दो टी-शर्ट भी बरामद हुई हैं।
अविवाहित है आरोपी मुदित
सीओ साइबर क्राइम नितीश गर्ग ने बताया कि आरोपी मुदित गुप्ता घुंघरू-घंटी का बड़ा कारोबारी है। उसके यहां से देश के साथ-साथ विदेश में भी पीतल के उत्पादों का निर्यात होता है। तीन भाइयों में दूसरे नंबर का है और अविवाहित है। पूछताछ में बताया कि वह इस प्रकार का कृत्य करने का आदी हो चुका है। वह फोटो-वीडियो देखकर खुद की शारीरिक जरूरतें पूरी करता है। उसका उद्देश्य वीडियो या फोटो के माध्यम से पैसे कमाना नहीं है।
वीपीएन के जरिए डाउनलोड करता था आपत्तिजनक फोटो-वीडियो
एएसपी क्राइम ने बताया विवेचना में ऐसे डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिनसे 12 वर्ष से कम आयु की बालिका के साथ लैंगिक हमले के गंभीर तथ्य सामने आए हैं। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी मुदित गुप्ता वीपीएन का उपयोग कर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स से अश्लील वीडियो और न्यूड फोटो डाउनलोड करता था। इसके बाद उन्हें एडिट कर अपने मोबाइल में सुरक्षित रखता था।
आरोपी ने बच्ची का वीडियो गूगल ड्राइव में सेव किया था। उसके मोबाइल से एक हजार से अधिक वीडियो-फोटो भी मिले हैं। यह सभी राह चलती महिलाओं के हैं, जिनको मॉर्फ किया गया है। चार दिन पहले टिपलाइन में मामला आया। इस पर आरोपी के खिलाफ पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई। इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
- डाॅ. इलामारन जि., एसएसपी, एटा