मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में भर्ती बीमार बच्चे। संवाद
एटा। बारिश और उमस से बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। ज्यादातर बच्चे वायरल बुखार और उल्टी दस्त से परेशान हैं। मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग की ओपीडी में सोमवार को करीब 200 बच्चों को उपचार दिया गया। वहीं गंभीर बीमार बच्चों को बच्चा वार्ड में भर्ती कराया गया। यहां लक्षण के आधार पर 7 बच्चों की मलेरिया की जांच कराई गई है। इसके अलावा मलेरिया पीड़ित महिला का भी भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवम यादव ने बताया कि बारिश और उमस भरी गर्मी में बच्चे ठंडे पानी का सेवन कर लेते हैं। इससे वह बीमार पड़ रहे हैं। 200 बच्चों की ओपीडी में करीब 120 बच्चे वायरल बुखार से पीड़ित मिले हैं। पेट दर्द, डायरिया के साथ कुछ बच्चों में मलेरिया के लक्षण भी मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चा वार्ड में 32 बच्चों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। वार्ड में वायरल बुखार के साथ दौरे पड़ने वाले, उल्टी, दस्त आदि से पीड़ित बच्चों को भर्ती किया गया है।
प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में महिला को किया गया शिफ्ट
मेडिकल कॉलेज के महिला वार्ड में महिला मलेरिया पीड़ित मिली। बिजौरी निवासी ज्योति (26) को 5 दिन से बुखार आ रहा था। मेडिकल कॉलेज में वह दवा लेने पहुंची। उसे प्राथमिक उपचार के बाद महिला वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। सोमवार को जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई। ज्योति ने बताया कि पांच दिन पहले मेडिकल कॉलेज से ही दवा लेकर गए थे। दवा लेने के बाद भी बुखार में आराम नहीं मिला जिसके बाद फिर से दवा लेने के लिए पहुंचे तो मलेरिया बताया गया।