अलीगंज। क्षेत्र के भरपुरा गांव स्थित एक ईंट भट्ठे के मजदरों ने मुनीम पर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप लगाया है, इसमें छह मजदूर घायल हुए हैं। थाने पहुंचे मजदूरों की शिकायत को पुलिस ने पहले गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन मामले के तूल पकड़ने पर थाना प्रभारी ने मजदूरों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
घायल मजदूरों ने बताया वह लोग बिहार प्रांत के मुंगेर जिले के गांव अत्वलपुर के निवासी हैं। इस भट्ठे पर वह कई साल से काम कर रहे हैं, कई माह से मेहनताना न मिलने से वह परेशान थे। राशन समाप्त होने पर मुनीम से संपर्क किए जाने पर उन्होंने राशन देने के बहाने उनको भट्ठे पर बने अपने कार्यालय पर बुलाया। यहां पहुंचने पर मुनीम ने लाठी-डंडों से मजदूरों को बेरहमी से पीटा, इससे छह मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कुछ मजदूर थाने आए थे, जिनको तहरीर लिखकर लाने को कहा गया था। तहरीर मिलने के बाद भट्ठे के मुनीम पर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने कहा इस मामले की जांच कराकर दोषी मुनीम पर कार्रवाई की जाएगी।