सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत कबड्डी में जोर अजमाइश करते खिलाड़ी। संवाद
एटा। सांसद खेल स्पर्धा का आगाज शनिवार को हुआ। रविवार को इसके तहत जूनियर व सब जूनियर वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मैच खेले गए। इनमें एटा योद्धा और केंद्रीय विद्यालय की टीमें विजेता बनीं।
शहर के जीटी रोड स्थित पंडित गोविंद वल्लभ पंत स्टेडियम में रविवार को जूनियर व सब जूनियर कबड्डी की प्रतियोगिता का सेमीफाइनल व फाइनल मैच आयोजित किया गया। जूनियर वर्ग बालक कबड्डी में 12 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मैच में एटा योद्धा ने राजकमल पब्लिक स्कूल की टीम को 14-9 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
वहीं सब जूनियर वर्ग बालक कबड्डी में 18 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मैच केंद्रीय विद्यालय और एसवीएम कासगंज के मध्य खेला गया। इसमें केंद्रीय विद्यालय एसवीएम कासगंज को 19-1 से हराकर विजेता बनी।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका विशांत कुलश्रेष्ठ, प्रभात ललित नोक्स, शैलेश मिश्रा, प्रवेंद्र सिंह यादव, शुभम कुमार, मनीष प्रभाकर, रामबहादुर, अनिल, नितेश, अरविंद कुमार ने निभाई। इस दौरान उपक्रीड़ाधिकारी पूजा भट्ट ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।