एटा। सकीट क्षेत्र में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल है। 5 दिन से बिजली न मिलने पर मंगलवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बिजलीघर का घेराव कर प्रदर्शन किया।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे क्षेत्र के ग्राम रैबाड़ी, भगवंतपुर, डूंगरपुर, कुल्ला हवीवपुर, जहांगीराबाद, मुवारिकपुर सराय, मुवारिकपुर निवरुआ, चुनीपुर आदि गांव के किसान बिजलीघर पर पहुंचे। घेराव व प्रदर्शन करहते हुए बताया कि पांच दिन से बिजली आपूर्ति मिल रही है। जिससे धान, बाजरा आदि फसलें सूखने के कगार पर पहुंच गई हैं। धान की पौध खेतों में उखड़ी पड़ी है, पानी न होने के कारण रोप नहीं पा रहे हैं।
किसान बोले कि जब तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं की जाती है, वो यहां घेराव व प्रदर्शन करते रहेंगे। बाद में सकीट थाना पुलिस ने पहुंचकर लोगों की बात सुनी और विद्युत अधिकारियों से बात कराकर समस्या समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान वापस चले गए। लोकेंद्र सिंह यादव, सूरज सिंह, विपिन कुमार, अनिल कुमार, अवधेश कुमार, नरेंद्र कुमार, रामदयाल, राकेश कुमार आदि लोग प्रदर्शन में शामिल थे।