एटा। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर थाना सकीट पुलिस ने गांव राधेनगर में गैंगस्टर एक्ट के आरोपी सपा नेता जुगेंद्र सिंह की 2.82 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। यहां उनके भतीजे आरएस ब्रिक्स के नाम से ईंट भट्टा चलाते थे। मंगलवार को एसडीएम सदर व सीओ सकीट ने कुर्की की कार्रवाई कराई।
थाना कोतवाली नगर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के आरोपी जुगेंद्र सिंह पर अपराध के माध्यम से अवैध कमाई कर तमाम चल व अचल संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इसको अपने व परिजन के साथ-साथ जानने वालों के नाम कराया गया। इसी में से एक संपत्ति थाना सकीट के गांव राधेनगर में लगभग 0.089 हेक्टेयर भूमि भी है। जो 29 जून 2020 को खरीदी गई।
इस पर आरएस ब्रिक्स के नाम से ईंट भट्ठा व कार्यालय संचालित हो रहा था। जिसका संचालन जुगेंद्र सिंह के भतीजे प्रमोद कुमार और विनोद कुमार के साथ ही नगला काजी निवासी अनुभव यादव करते थे। एसडीएम सदर भावना विमल, नायब तहसीलदार सतीश चंद्र व सीओ सकीट संजय सिंह मंगलवार को वहां पहुंचे। क्षेत्रीय लेखपाल मोहित कुमार व थाना प्रभारी सकीट भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस दौरान लगभग 2.82 करोड़ रुपये की यह संपत्ति कुर्क की गई।