जलेसर। बकाया वसूली अभियान के तहत क्षेत्र के गांव नगला मितन पहुंची विद्युत निगम की टीम ने एक भवन पर चोरी से बिजली के उपभोग पर कार्रवाई किए जाने की बात कही। इस बात पर विरोध जताते हुए लोगों ने विद्युत निगम की टीम पर हमला कर दिया। केबल उतारने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़े लाइनमैन को पीट दिया। जेई जितेंद्र पटेल ने इस मामले में एक महिला सहित तीन लोगों पर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बिजली बिल राहत योजना के तहत मंगलवार को विद्युत निगम के एसडीओ अजीत उपाध्याय बेरनी बिजली घर पर तैनात जेई जितेंद्र पटेल और अन्य कर्मचारियों के साथ बकायेदारों से संपर्क करने को नगला मितन गए थे। भ्रमण के समय गयाप्रसाद के मकान में खंभे पर केबल डालकर चोरी से बिजली का उपभोग किया जा रहा था। यह देख एसडीओ ने जेई से कार्रवाई करने को कहा। एसडीओ के आदेश पर लाइनमैन सुनील कुमार ने खंभे पर चढ़कर केबल उतार ली।
कार्रवाई होने पर गयाप्रसाद की पत्नी शीला देवी ने हंगामा करना शुरु कर दिया। इस पर उसके पुत्र गिरि और भोला ने लाइनमैन के खंभे से उतरते ही उसकी मारपीट करना शुरु कर दिया। लोगों के एकत्रित होने पर विद्युत निगम की टीम वहां से भाग आई। इस मामले में जेई ने थाने आकर तीनों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।