एटा। घर में लगे हैंडपंप में करंट आ गया। इसकी चपेट में आने से बालिका की मौत हो गई। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला जगरूप का है।
गांव निवासी अवनीश शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह बेटी सृष्टि (10) हैंडपंप से पानी भरने गई थी। इसको छूते ही वह अचेत होकर गिर गई। हम लोग घबरा गए और उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां परीक्षण के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अवनीश ने कहा कि भरोसा नही हो रहा कि बेटी इस दुनिया में नहीं रही।
सृष्टि दो भाइयों के बीच अकेली बहन थी। उन्होंने बताया कि दो दिनों से हो रही बारिश के कारण हैंडपंप में अर्थिंग आ रही थी। अधिक ध्यान नहीं दिया। सोचा बारिश बंद होने पर बिजली मिस्त्री को बुलाकर इसको ठीक करा देंगे। क्या पता था कि बारिश मौत बनकर टूट पड़ेगी। सृष्टि कक्षा 6 में पढ़ती थी और पढ़ाई में बहुत होशियार थी।