एटा। जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्थाओं पर जिला मॉनीटरिंग सेल नजर रखेगी। डीआईओएस की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय समिति पठन पाठन, शैक्षिक गुणवत्ता एवं प्रभावी अनुशासन की समीक्षा के साथ ही प्रभावी सुझाव भी देगी।
स्कूलों के शैक्षिक स्तर, व्यवस्था सुधार के लिए शासन के निर्देश पर जिला निगरानी समिति का गठन किया गया है। डीआईओएस एमपी सिंह ने तीन सदस्यीय तहसील स्तरीय समितियों का गठन कर क्षेत्रीय स्कूलों की जिम्मेदारी सौंपी है। राजकीय एवं एडेड स्कूलों के प्रधानाचार्यों को नामित कर पखवाड़े में कम से कम एक राजकीय, एक एडेड के निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। समिति सदस्य कक्षाओं में नवाचार, गुणवत्ता परक शिक्षण के टिप्स भी देंगे। प्रधानाचार्य शिक्षकों से शैक्षिक विषयों पर विचार विमर्श के साथ 15 दिन में होने वाली समीक्षा बैठक में आख्या प्रस्तुत करेंगे।
ये है जिला समिति
अध्यक्ष-एपी सिंह डीआईओएस के अलावा पांच सदस्य प्रधानाचार्यों में क्षेत्रपाल सिंह यादव जीआईसी, वंदना यादव जीजीआईसी, डॉ मनोज सक्सेना राजकीय हाईस्कूल कासौंन, नीरजा यादव जीजीआईसी लालगढ़ी एवं विजय कुमार मिश्र प्रधानाचार्य रोहनलाल चतुर्वेदी सर्वोदय इंटर कालेज शामिल हैं। इसके अलावा तीन सदस्यीय तहसील समितियों का भी गठन किया गया है।
शासन के निर्देश पर जिला एवं तहसील स्तरीय समितियों का गठन कर अनुपालन के निर्देश दिए गए हैं। इससे जहां विद्यालयों की अव्यवस्थाएं उजागर होंगीं। वहीं शैक्षिक संवर्धन को भी बल मिलेगा।
एमपी सिंह, डीआईओएस